संगरूर में शराब ठेका हटाने के लिए प्रदर्शन करते लोग।
- फोटो : अमर उजाला
जिले के गांव कालबंजारा के लोगों ने स्कूल की बगल में खुले शराब के ठेके का विरोध करते हुए धरना लगाया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शराब के ठेके को नहीं हटाया गया तो वह स्वयं ही कोई ठोस कदम उठाने को मजबूर हो जाएंगे।गांव के सरपंच तरसेम सिंह, गुरप्यार सिंह, छज्जू सिंह, बलजीत सिंह ने कहा कि यह शराब ठेका स्कूल के दो सौ मीटर घेरे में आता है जो कानून के आदेशों की अवहेलना है। ठेके के साथ खोले गए शराब अहाते में लोग शराब पीते हैं इससे न केवल स्कूल के बच्चों पर बुरा प्रभाव पड़ता है बल्कि पास में बस स्टैंड होने के चलते महिलाओं को भी खासी परेशानी झेलनी पड़ती है। गांववासी अपनी इस समस्या के बारे में कई बार फरियाद कर चुके हैं लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। इससे आहत होकर ग्रामीण धरना लगाने को मजबूर हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि स्कूल के पास खोले इस शराब ठेके को कहीं और नहीं ले जाया गया तो गांव वासी खुद ही कोई कार्रवाई को अंजाम देने से पीछे नहीं हटेंगे।