संगरूर के मूनक इलाके में बारिश और तेज हवा के कारण खेतों में बिछी गेंहू की फसल।
- फोटो : amarujala
संगरूर क्षेत्र में दो दिन से हो रही बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। बारिश और तेज हवाओं के कारण खेतों में लहलहा रही गेहूं की फसल जमीन पर बिछ गई है।
शनिवार से क्षेत्र में रुक-रुककर बारिश होना जारी है। रविवार को भी बारिश होती रही। बारिश के कारण जहां लोगों को दोबारा ठंड का एहसास होने लगा वहीं पकने को तैयार गेहूं की फसल काफी प्रभावित हुई है। किसानों को चिंता है कि यदि और बारिश होती है तो गेहूं की फसल बर्बाद हो जाएगी।
मूनक क्षेत्र के किसान अमरीक सिंह, सीशन सिंह, मोहन सिंह, जरनैल सिंह ने बताया कि बारिश और तेज हवाओं के कारण इलाके के किसानों की फसल का करीब 30 से 35 फीसदी तक नुकसान हुआ है। बेमौसम बारिश का कहर इसी तरह जारी रहा तो किसानों की पूरी फसल बर्बाद हो जाएगी।