दिल्ली में राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी से ट्राफी प्राप्त करते पीयू के वीसी डा. जसपाल सिंह।
- फोटो : अमर उजाला
पंजाबी यूनिवर्सिटी ने 9वीं बार मौलाना अबुल कलाम आजाद ट्रॉफी (माका) जीत ली है। यह ट्रॉफी पीयू के वीसी डा. जसपाल सिंह ने सोमवार को राष्ट्रीय खेल दिवस के मौके पर नई दिल्ली में राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी के हाथों से हासिल की। वीसी के साथ यूनिवर्सिटी की खेल डायरेक्टर डा. गुरदीप कौर रंधावा भी मौजूद रहीं। मंगलवार सुबह माका ट्रॉफी यूनिवर्सिटी कैंपस पहुंचेगी। यह ट्रॉफी सेशन 2015-16 की है।
इस सैशन दौरान यह यूनिवर्सिटी 30 अखिल भारतीय इंटरयूनिवर्सिटी मुकाबलों में पहले, 21 में दूसरे, 15 में तीसरे, 6 में चौथे स्थान पर रही। व्यक्तिगत मुकाबलों में पंजाबी यूनिवर्सिटी ने 56 गोल्ड, 53 सिल्वर और 40 कांस्य के मेडल हासिल किए। राष्ट्रीय खेल मुकाबलों में इस यूनिवर्सिटी ने 180 गोल्ड, 61 सिल्वर और 59 कांस्य के मेडल जीते हैं।
राष्ट्रीय खेल मुकाबलों में पीयू ने सात गोल्ड, चार सिल्वर और चार कांस्य के मेडल जीते हैं। यूनिवर्सिटी खेल विभाग की सहायक डायरेक्टर महिंदरपाल कौर ने बताया कि माका के स्वागत के लिए यूनिवर्सिटी के उच्चाधिकारियों व खेल विभाग की ओर से पूरे जोश के साथ तैयारियां की जा रही हैं। यूनिवर्सिटी को दीपमाला, बैनरों और झंडों के साथ सजाया गया है।