संगरूर में विरोध प्रदर्शन करते पंजाब स्टूडेंट्स यूनियन के सदस्य।
- फोटो : अमर उजाला
बीए भाग दूसरा (सेमेस्टर चौथा) के आए परिणाम में बड़े स्तर पर विद्यार्थियों की आई री-अपीयर के विरोध रणबीर कालेज में पंजाब स्टूडेंट्स यूनियन ने रोष रैली करके जमकर नारेबाजी की।
इस मौके पर पीएसयू के जिलाध्यक्ष कुलविंदर सेखा, जिला उपाध्यक्ष शंकर बदरा और खजांची जसप्रीत कौर ने कहा कि प्रदेश सरकार निजीकरण की नीतियों के तहत शिक्षा का व्यापारीकरण कर रही है। सरकार सेमेस्टर सिस्टम लागू करके छात्रों की आर्थिक, मानसिक लूट करने में लगी है। उनकी यूनियन पिछले समय से सेमेस्टर सिस्टम के खिलाफ लड़ रही है।
पंजाबी यूनिवर्सिटी पटियाला के बुरे प्रबंधों के परिणाम छात्रों को भुगतने पड़ रहे हैं। इसका उदाहरण रणबीर कालेज संगरूर में अस्सी फीसदी छात्रों की किसी न किसी विषय में री-अपीयर का आना है। इसका एकमात्र कारण है कि या तो पेपर ठीक से चेक नहीं किए गए या फिर अध्यापकों द्वारा कम असेसमेंट लगाकर छात्रों को गुमराह किया जाता है।
छात्रों को फेल करना सरकार का मकसद है कि उनसे दोबारा फीसें बटोरकर पैसा संगत दर्शनों पर खर्च किया जाए। छात्रों को पेपरों में पास किया जाए अन्यथा संघर्ष तेज किया जाएगा। इस मौके पर किरनदीप कौर, पिंकी, मनप्रीत कौर, दीपक कुमार, सुखवीर सिंह, मनदीप सिंह इत्यादि मौजूद थे।