शहर के बस स्टैंड की हालत सुधारने को लेकर एक तरफ जहां आम आदमी पार्टी के
सांसद भगवंत मान ने 22 जून को धरना देने का ऐलान किया है, वहीं इस धरने को
सरासर नौटंकी करार देते हुए मुख्य संसदीय सचिव प्रकाश चंद गर्ग ने कहा कि
संगरूर में बनने वाले आधुनिक सुविधाओं से लैस बस स्टैंड का काम शुरू हो
चुका है।
23 जून को उन्होंने पीआरटीसी, पुडा के अधिकारियों के साथ
बैठक बुलाई है। बस स्टैंड में मल्टीप्लेक्स और इसमें बनने वाले तीन थिएटरों
पर विशेष बातचीत की जाएगी।
शनिवार को आप के सांसद भगवंत मान ने कहा
कि मुख्यमंत्री की तरफ से नए बस स्टैंड के निर्माण का नींव पत्थर रखने के
बावजूद इस पर काम शुरू नहीं किया गया। अब खस्ताहाल बस स्टैंड में यात्रियों
को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने बस स्टैंड
की हालत सुधारने के मुद्दे को लेकर प्रशासन और राजनीतिकों को घेरने का
फैसला किया है। मान ने कहा कि बस स्टैंड के मसले को हल कराने के लिए 22 जून
को सुबह दस बजे डीसी दफ्तर के सामने रोष धरना दिया जाएगा।
दूसरी
तरफ मुख्य संसदीय सचिव प्रकाश चंद गर्ग ने कहा कि खस्ताहाल बस स्टैंड की
समस्या शहरवासियों के लिए पिछले 36 साल से बनी हुई और इतनी बड़ी समस्या का
समाधान एक दिन में हो पाना संभव नहीं है। वे लंबे अर्से से इस समस्या के हल
के लिए यत्न कर रहे हैं।
उन्हीं के प्रयासों से ही मुख्यमंत्री
प्रकाश सिंह बादल ने संगरूर के लोगों को आधुनिक सुविधाओं वाला बस स्टैंड
दिया है। बस स्टैंड के निर्माण का कार्य शुरू हो चुका है।