पंजाब सरकार की तरफ से आर्थिक स्तर पर पिछड़े लोगों को बेहतर सेहत सुविधाएं
मुहैया करवाने के लिए भक्तपूरन सिंह सेहत बीमा योजना में स्मार्ट कार्ड
बनाए जा रहे हैं।
इसके अंतर्गत जिला पटियाला में अब तक 32 हजार 385
कार्ड बनाए जा चुके हैं। अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (विकास) राजेश त्रिपाठी
ने जिला प्रशासनिक परिसर में भक्त पूर्ण सिंह सेहत बीमा योजना की प्रगति का
जायजा लेते हुए बताया कि पहले चरण में पटियाला जिले में इस योजना के
अंतर्गत 92 हजार 168 परिवारों के कार्ड बनाए जाएंगे। नीले कार्डधारकों को
इस योजना का लाभ उठाने के लिए सिर्फ 30 रुपये अदा करने पड़ते हैं और
स्मार्ट कार्ड में परिवार के प्रमुख के अलावा चार अन्य सदस्यों के नाम
शामिल होंगे। यह स्मार्ट कार्ड धारक परिवार एक साल में 50 हजार रुपये तक
बीमा योजना के अंतर्गत मुफ्त सेहत सुविधाएं प्राप्त कर सकेंगे।
यह
स्मार्ट कार्ड धारक पटियाला जिले के 29 सरकारी और प्राइवेट अस्पतालों में
इलाज सुविधाएं प्राप्त करने योग्य हो जाएंगे। 18 दिसंबर से माता कौशल्या
अस्पताल पटियाला में स्थायी कैंप लगाया जाएगा, जिसमें नीले कार्ड धारकों
के स्मार्ट कार्ड बनाए जाएंगे। पटियाला जिले का कोई भी नीला कार्ड धारक
चाहे वह शहर का निवासी है या गांव का, वो यहां आकर अपना स्मार्ट कार्ड बनवा
सकता है। 21 से 23 दिसंबर तक सरकारी सेहत केंद्र त्रिपड़ी, बिशन नगर और
माडल टाउन के अलावा सरकारी राजिंदरा अस्पताल में कैंसर सेल वाले कमरे के
पास और 24 और 25 दिसंबर को सिविल अस्पताल नाभा में कार्ड बनाए जाएंगे।