कोहरे के कारण कार और ट्रक की टक्कर
सुनाम-पटियाला मुख्य मार्ग पर गांव मर्दखेड़ा के समीप घने कोहरे के कारण एक कार और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस दर्दनाक हादसे में कार सवार 42 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया जिसका इलाज पटियाला के अस्पताल में चल रहा है। सहायक थानेदार देस राज और रवेल सिंह ने बताया कि हादसा उस समय हुआ जब खनौरी की ओर से एक ट्रक सुनाम की तरफ जा रहा था। इसी दौरान मानसा की ओर से आ रही एक कार (जिसमें मां-बेटा सवार थे) कोहरे के कारण ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और मां-बेटा अंदर ही फंस गए। हादसे की सूचना मिलते ही 'रोड सेफ्टी फोर्स' की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को कार से बाहर निकालकर सिविल अस्पताल सुनाम पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने गंभीर हालत देखते हुए अरमनजोत सिंह और उसकी माता सिमरनदीप कौर (42) पत्नी चमकौर सिंह निवासी गांव ठुठियां (मानसा) को पटियाला रेफर कर दिया। सिमरनदीप कौर ने पटियाला अस्पताल पहुंचने से पहले रास्ते में ही दम तोड़ दिया। अरमनजोत सिंह की हालत चिंताजनक बनी हुई है। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।