अपनी पत्नी परनीत कौर के साथ कैप्टन अमरिंदर सिंह।
- फोटो : X @capt_amarinder
पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 की सियासी बिसात बिछने लगी है। ऐसे में पंजाब की राजनीति में कभी खास दबदबा रखने वाला पटियाला का शाही घराना 2027 के विधानसभा चुनाव में एक बार फिर अपनी सियासी ताकत साबित करने की कोशिश कर सकता है।
पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह, उनकी पत्नी और पूर्व सांसद महारानी परनीत कौर तथा बेटी जय इंदर कौर की भूमिका पर प्रदेश की राजनीति में नजरें रहेंगी। कभी कांग्रेस का मजबूत चेहरा रहा यह परिवार अब भाजपा के साथ है। ऐसे में 2027 का चुनाव न केवल भाजपा के लिए बल्कि शाही परिवार की राजनीतिक विरासत के लिए भी अहम परीक्षा होगा। करीब ढाई दशक तक पटियाला की राजनीति में शाही परिवार का खास प्रभाव रहा।
कैप्टन को प्रचार में सक्रिय रख सकती है भाजपा
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने जून 2026 में साफ किया था कि कैप्टन अमरिंदर सिंह 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी के प्रचार अभियान में सक्रिय रहेंगे। उन्होंने कैप्टन को अनुभवी नेता बताते हुए उनके मार्गदर्शन को पार्टी के लिए उपयोगी बताया था। कैप्टन भी सार्वजनिक तौर पर कह चुके हैं कि वह पार्टी को अपना राजनीतिक अनुभव देने के लिए तैयार हैं। इससे संकेत है कि कैप्टन की भूमिका केवल पटियाला तक सीमित रखने के बजाय राज्यस्तरीय प्रचार अभियान में भी हो सकती है। शाही परिवार की सबसे बड़ी राजनीतिक ताकत मालवा क्षेत्र में उसका पुराना संपर्क माना जाता है।
पटियाला शहरी से कैप्टन लगातार चार बार विधायक चुने गए थे। वह समाना और तलवंडी साबो से भी विधायक रह चुके हैं। ऐसे में मालवा के चुनाव प्रचार में कैप्टन की भूमिका महत्वपूर्ण रह सकती है। माझा और दोआबा में भी कैप्टन के लंबे राजनीतिक अनुभव का इस्तेमाल किया जा सकता है। अमृतसर से 2014 में लोकसभा चुनाव जीतकर उन्होंने भाजपा के वरिष्ठ नेता अरुण जेटली को हराया था। हालांकि, इन क्षेत्रों में शाही परिवार का पटियाला जैसा सीधा चुनावी आधार नहीं है। यहां उनकी भूमिका मुख्य रूप से पार्टी के प्रचार, वरिष्ठ नेताओं के साथ संवाद और राजनीतिक मुद्दों को उठाने तक रह सकती है।
परनीत कौर के पुराने संपर्क भी होंगे अहम
परनीत कौर चार बार पटियाला से सांसद चुनी जा चुकी हैं। पटियाला लोकसभा क्षेत्र की सभी विधानसभा सीटों में उनका लंबे समय तक राजनीतिक संपर्क रहा है। भाजपा में शामिल होने के बाद उनकी भूमिका पार्टी के पुराने समर्थकों और स्थानीय नेताओं के साथ तालमेल बनाने में महत्वपूर्ण हो सकती है। हालांकि, 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी के तौर पर वह तीसरे स्थान पर रही थीं। इससे स्पष्ट है कि पुराने राजनीतिक संपर्कों को नए राजनीतिक माहौल में दोबारा मजबूत करना भी एक चुनौती होगी।
जयइंद्र कौर के जिम्मे महिला संगठन को मजबूत करने की जिम्मेदारी
परिवार की अगली पीढ़ी में जयइंद्र कौर की भूमिका भी महत्वपूर्ण है। वह पंजाब भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष हैं। महिला संगठन को जिला, मंडल और जमीनी स्तर पर मजबूत करने की रणनीति के तहत उनकी सक्रियता बढ़ी है। ऐसे में विधानसभा चुनाव से पहले उनका दायरा प्रदेश की सभी सीटों तक पहुंच सकता है।
महिला मतदाताओं से संपर्क और पार्टी की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाना उनकी संगठनात्मक जिम्मेदारी का हिस्सा रहेगा। जयइंद्र कौर को भाजपा की तरफ से शाही परिवार की परंपरागत सीट पटियाला शहरी से चुनाव मैदान में उतारा जा सकता है। यही वजह है कि जयइंद्र कौर लगातार पिछले काफी समय से पटियाला में राजनीतिक तौर पर सक्रिय हैं। हालांकि इस संबंधी पूछने पर जयइंद्र कौर का कहना है कि यह फैसला हाईकमांड करेगा।
शाही परिवार के सामने सबसे बड़ी चुनौती अपनी पुरानी राजनीतिक पकड़ को दोबारा स्थापित करने की है। 2022 के विधानसभा चुनाव में कैप्टन अमरिंदर सिंह पटियाला शहरी सीट से आम आदमी पार्टी के अजीत पाल सिंह कोहली के हाथों 19,873 वोटों से हार गए थे। वहीं 2024 के लोकसभा चुनाव में परनीत कौर भी पटियाला सीट से जीत दर्ज नहीं कर पाईं।
हालांकि, अभी परिवार के सदस्यों के विधानसभा चुनाव लड़ने या किसी खास सीट की जिम्मेदारी मिलने की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। ऐसे में 2027 की चुनावी जंग में शाही परिवार की वास्तविक भूमिका भाजपा की रणनीति, उम्मीदवारों के चयन और स्थानीय राजनीतिक समीकरणों से तय होगी। पंजाब की राजनीति में लंबे समय तक प्रभाव रखने वाले इस परिवार के लिए यह चुनाव राजनीतिक विरासत और नई पार्टी में अपनी भूमिका स्थापित करने, दोनों लिहाज से महत्वपूर्ण रहेगा।