76वीं आल इंडिया इंटरयूनिवर्सिटी एथलेटिक्स चैंपियनशिप में पंजाबी यूनिवर्सिटी (पीयू) ओवरऑल विजेता रही। पीयू में ही पिछले कई दिन से चल रही इस चैंपियनशिप में देश की 173 यूनिवर्सिटियों के 4000 के करीब एथलीटों ने हिस्सा लिया।
विजेता खिलाड़ियों में पुरस्कार बांटने की रस्म कैबिनेट मंत्री सुरजीत सिंह रखड़ा ने अदा की। चैंपियनशिप के सर्वोत्तम एथलीट नीरज कुमार पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ और गुले शारदा भास्कर मुंबई यूनिवर्सिटी को भी नगद पुरस्कार देकर नवाजा गया। इस चैंपियनशिप में नए रिकार्ड बनाने वाले खिलाड़ियों को राय दुलार स्पोर्ट्स एकेडमी की ओर से 21-21 सौ रुपये के पुरस्कारों के साथ सम्मानित किया गया।
इस चैंपियनशिप में पंजाबी यूनिवर्सिटी 161 अंकों के साथ ओवरऑल चैंपियन रही। मंगलूर यूनिवर्सिटी 119 अंकों के साथ दूसरे और एमजी कोटियाम यूनिवर्सिटी 118 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रही।
महिलाओं के वर्ग में एमजी यूनिवर्सिटी कोटियाम 83 अंकों के साथ पहले, पंजाबी यूनिवर्सिटी 69 अंकों के साथ दूसरे और मंगलूर यूनिवर्सिटी 44 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रही। पुरुषों के वर्ग में पंजाबी यूनिवर्सिटी पटियाला 9 अंकों के साथ पहले, मंगलूर यूनिवर्सिटी 75 अंकों के साथ दूसरे और एमडीयू रोहतक 44 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रही।
चैंपियनशिप के आखिरी दिन पंजाबी यूनिवर्सिटी के एथलीटों ने 8 मेडल जीतने का गौरव हासिल किया। इस यूनिवर्सिटी की जसप्रीत कौर भाईरूपा ने 100 मीटर बाधा दौड़ में गोल्ड, अंग्रेज सिंह चीमा मंडी ने 100 मीटर बाधा, हाफ मैराथन में दत्ता बोरसे ने, कंवरदीप सिंह रोहटी मोड़ां ने 200 मीटर में सिल्वर और सविंदर सिंह ने हैमर थ्रो में कांस्य का मेडल जीता।
इस यूनिवर्सिटी की मनदीप कौर, जसप्रीत कौर, मनवीर कौर बिरधनो व नीलू यादव पर आधारित रिले टीम ने कांस्य, कंवरदीप सिंह, अर्शदीप सिंह, सवरमीत सिंह पर आधारित रिले टीम ने सिल्वर, संदीप कौर समसपुर, वीरपाल कौर भाईरूपा, नवजोत कौर गुजरां व मनप्रीत कौर मदोमाजरा पर आधारित टीम ने सिल्वर मेडल जीता।