पटियाला। पंजाबी यूनिवर्सिटी के कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग के एक छात्र अमन मल्होत्रा को क्रैड कंपनी ने 20 लाख रुपये से ज्यादा के सालाना पैकेज पर सिलेक्ट कर लिया है। कुछ दिन पहले ही विभाग के एक अन्य छात्र मनवेश को ऑनलाइन शिक्षा की प्रमुख कंपनी बाइजू ने 10 लाख के सालाना पैकेज पर चुना है। इस मौके पीयू के वाइस चांसलर डा. अरविंद ने स्टूडेंट्स व विभाग को इस शानदार प्राप्ति पर बधाई दी।
सीएसई विभाग के प्रमुख डा. रमन मैनी ने इस प्लेसमेंट पर खुशी व्यक्त करते कहा कि पिछले कई वर्षों से लगातार विभाग के स्टूडेंट्स की प्लेसमेंट शानदार रही है। पिछले वर्षों में ही विभाग से पास होने वाले विद्यार्थी विभिन्न कंपनियों में इस तरह के पैकेज पर चुने जाते रहे हैं। उन्होंने बताया कि विभाग अपने स्टूडेंट्स के लिए कंप्यूटर संबंधित कंपनियों के साथ हमेशा संपर्क में रहता है, क्योंकि टेक्नोलॉजी में सुधार रोजाना के आधार पर होते हैं। विभाग के प्लेसमेंट कोआर्डिनेटर डा. नवदीप कंवल ने बताया कि इंफोसिस, ओरेकल और अन्य ग्लोबल कंपनियों साथ पीयू की शिक्षण साझेदारी ने विभाग के फैकल्टी मेंबरों को कंपनियों की जरूरत के मुताबिक पाठ्यक्रम तैयार करने में सहायता की है।
गौरतलब है कि कोरोना काल के बावजूद पीयू के कंप्यूटर साइंस एवं इंजीनियरिंग विभाग के 2021 बैच के स्टूडेंट्स के लिए अब तक 40 से ज्यादा कंपनियां इंटरव्यू ले चुकी हैं। इन इंटरव्यू में 100 से ज्यादा स्टूडेंट्स को औसतन चार लाख रुपये सालाना तक के पैकेज के लिए पहले ही पेशकश की जा चुकी है।