पंजाबी यूनिवर्सिटी में चल रही अखिल भारतीय इंटर यूनिवर्सिटी तीरंदाजी चैंपियनशिप के पांचवें दिन टीम मुकाबले हुए। इसमें पंजाबी यूनिवर्सिटी के तीरंदाजों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया।
सोमवार को इंडियन राउंड के पुरुषों के टीम मुकाबलों में पंजाबी यूनिवर्सिटी के तीरंदाजों मोहन लाल, मलकीत सिंह बौपुर, कुलदीप सिंह व एल रिक्की सिंह की टीम ने गोल्ड मेडल जीता। वीबीएस पूर्वांचल यूनिवर्सिटी ने सिल्वर और मणिपुर यूनिवर्सिटी ने कांस्य मेडल जीता।
महिलाओं के इस वर्ग में पंजाबी यूनिवर्सिटी के तीरंदाजों सुखप्रीत कौर भुच्चो कलां, जसविंदर कौर भुच्चो कलां, गुरप्रीत कौर, हरप्रीत कौर की टीम ने गोल्ड मेडल जीता। गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी अमृतसर ने सिल्वर और कालीकट यूनिवर्सिटी ने कांस्य पदक जीता।
कंपाउंड वर्ग में पंजाबी यूनिवर्सिटी की मधु वैदवान, अमरदीप कौर व शैफाली सिंह पर आधारित टीम ने गोल्ड मेडल जीता। गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी ने सिल्वर और दिल्ली यूनिवर्सिटी ने कांस्य मेडल प्राप्त किया।
पुरुषों के वर्ग में एसजीबी अमरावती यूनिवर्सिटी ने गोल्ड, कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी ने सिल्वर और पंजाबी यूनिवर्सिटी के दीपक, राजदीप सिंह, हरजोत सिंह व तरसेम सिंह की टीम ने कांस्य पदक जीता।