भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को करना पड़ा लाठीचार्ज
अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला। जिले के हलका शुतराणा के आप विधायक कुलवंत सिंह बाजीगर के गांव चिचड़वाल में धक्केशाही के आरोप लगाते हुए कुछ लोगों ने नारेबाजी शुरू कर दी। जैसे ही भीड़ को काबू करने के लिए पुलिस ने आगे बढ़ना चाहा तो भड़के लोगों ने पुलिस टीम पर ही ईंटें व पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। इस दौरान पुलिस ने हवाई फायर भी किए। पुलिस टीम पर हुए इस हमले के दौरान पातड़ां थाने के इंचार्ज सब इंस्पैक्टर यशपाल शर्मा के सिर में चोट लगने से वह घायल हो गए। इस दौरान डीएसपी पातड़ां इंद्रपाल सिंह चौहान ने मौके पर पहुंच कर मोर्चा संभालते हुए हालात को काबू में किया।
हरियाणा की सीमा के साथ लगते गांव करीमनगर उर्फ चिचड़वाला में सारा दिन शांतिमय ढंग से मतदान प्रक्रिया चलती रही, लेकिन शाम 4 बजे जब पोलिंग स्टेशन का एंट्री गेट बंद किया गया तो वहां बड़ी गिनती में भीड़ इकट्ठा हो गई। इसे देखते हुए ड्यूटी पर तैनात पुलिस मुलाजिमों की ओर से भीड़ को वहां से हट जाने के लिए कहने पर लोग भड़क गए। उन्होंने नारेबाजी शुरू कर दी। जिससे माहौल तनावपूर्ण बन गया।