पटियाला में पीएम मोदी की रैली आज
- फोटो : संवाद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीरवार (गुरुवार) को चुनावी रैली के लिए पटियाला पहुंच रहे हैं। ऐसा करीब 20 साल बाद हो रहा है, जब कोई पीएम पटियाला से चुनावी हुंकार भरेगा। इससे पहले पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी ने 2004 में अकाली-भाजपा गठबंधन के लिए पटियाला में रैली कर उम्मीदवार कंवलजीत सिंह के लिए वोट मांगे थे।
प्रधानमंत्री भाजपा उम्मीदवार परनीत कौर के लिए सभा करेंगे। राजनीतिक माहिर प्रोफेसर बलविंदर सिंह टिवाणा का मानना है कि परनीत कौर पटियाला सीट से एक मजबूत दावेदार मानी जा रही हैं, क्योंकि पटियाला में शाही परिवार का काफी प्रभाव है। ऐसे में भाजपा को लग रहा है कि परनीत के सहारे भाजपा पटियाला में जीत दर्ज कर सकती है। इसका पूरे पंजाब में एक संदेश जाएगा, जो 2027 के विधानसभा चुनावों में भी पार्टी को फायदा कर सकता है।
चॉपर से वाईपीएस स्कूल पहुंचेंगे
पीएम मोदी चॉपर से पटियाला में वाईपीएस स्कूल के स्टेडियम में आएंगे और फिर वहां से कड़ी सुरक्षा के बीच उन्हें पोलो ग्राउंड में रैली स्थल तक लाया जाएगा। दोपहर दो से तीन बजे के बीच मोदी के पहुंचने की संभावना है। बताया जा रहा है कि मोदी रैली के बाद पटियाला में ठहराव नहीं करेंगे। वह रैली के बाद दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे। अगले दिन शुक्रवार को जालंधर व गुरदासपुर की रैलियों के लिए वे दोबारा से दिल्ली से ही आएंगे।
रैली का हिस्सा बन लोग एकता-अखंडता का संदेश दें : परनीत
महाराजा भालिंदर सिंह स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में आयोजित होने जा रही रैली की तैयारियां जोरों पर हैं। मीडिया से बातचीत दौरान परनीत कौर ने बताया कि पटियाला के संस्थापक बाबा आला सिंह के वंशज महाराज भालिंदर सिंह ओलंपिक एसोसिएशन के सचिव रहे और उन्हीं के नाम पर स्पोर्ट्स कांप्लेक्स का नाम रखा गया। परनीत ने कहा कि सुरक्षा कारणों को लेकर संभव है कि रैली स्थल तक पहुंचने में लोगों को थोड़ी असुविधा का सामना करना पड़े, लेकिन देश के प्रधानमंत्री की फतेह रैली का हिस्सा बनकर पटियाला के लोग इस रैली को ऐतिहासिक बनाकर देश भर में अपनी एकता और अखंडता का संदेश दें।