पटियाला में सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते पेंशनर और मुलाजिम।
- फोटो : अमर उजाला
पीआरटीसी वर्कर्स एक्शन कमेटी के आह्वान पर कारपोरेशन हेडआफिस के गेट के बाहर पेंशनरों व मुलाजिमों ने जोरदार रोष प्रदर्शन कर धरना दिया। पेंशनरों व मुलाजिमों के करोड़ों रुपये के बकाया की अदायगी करने, कांट्रेक्ट वर्करों को रेगुलर करने समेत और कई जायज मांगें उठाई और पूरा न होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी गई।
मुलाजिम नेता निर्मल सिंह धालीवाल ने कहा कि पंजाब सरकार पीआरटीसी के 8000 मौजूदा व सेवामुक्त कर्मचारियों के आजीविका के साधन इस विभाग को खत्म करने पर तुली है। बादल सरकार ने अपने निजी फायदे के लिए सरकारी ट्रांसपोर्ट को पूरी तरह से बर्बाद करके रख दिया है। इस मौके पर सरकार से वर्करों की तनख्वाह, ओवर टाइम, मेडिकल बिलों, वर्दियों, वित्तीय व अन्य किस्मों के बकाया का जल्द भुगतान करने की मांग की।
साथ ही मांग की कि कांट्रेक्ट वर्करों को रेगुलर किया जाए। साथ ही मौजूदा मुलाजिमों को सैलरियां और पेंशनरों को उनकी पेंशनें हर महीने समय पर देने की मांग की गई। मुलाजिम नेताओं ने कहा कि पेंशनें व तनख्वाहें समय पर न मिलने से उनके लिए अपने परिवारों का गुजारा करना मुश्किल हो जाता है।
साथ ही कहा कि बोर्ड आफ डायरेक्टर्स की ओर से नियम तय किए होने के बावजूद पंजाब सरकार का कर्मचारियों के हक में जाता कोई पत्र या सर्कुलर जारी नहीं किया जाता है। जैसे कि एक्स ग्रेशिया ग्रांट में बढ़ोतरी का पत्र, फैमिल पेंशन में वृद्धि का पत्र, महिला कर्मचारियों के लिए बच्चा देखभाल स्पेशल छुट्टी वाला पत्र। साथ ही कारपोरेशन में भ्रष्टाचार का बोलबाल होने के आरोप लगाते हुए इस पर नकेल कसने की मांग की।