पटियाला में पार्टी कर रहे स्कूली छात्र की तेजधार हथियार से की थी हत्या
अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला। रणजीत नगर इलाके में 17 साल के स्कूली छात्र की हत्या के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। डीएसपी सिटी टू जंगजीत सिंह रंधावा ने बताया कि आरोपियों की छात्र से पुरानी रंजिश थी जो सोशल मीडिया पर गाली-गलौज से शुरू हुई।
करीब दो साल पहले छात्र के भाई की एक आरोपी से बहस भी हुई थी। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनमोल, युवराज सिंह मली और युवराज सिंह चीमा हैं। रविवार देर रात छात्र तनवीर अपने दोस्तों के साथ घर की छत पर पार्टी कर रहा था। पुलिस अधीक्षक मोहित अग्रवाल ने बताया कि पड़ोस के नौजवानों से पुरानी रंजिश पर बहस हुई। यह बहस हाथापाई और हिंसक झड़प में बदल गई। विरोधी पक्ष ने तनवीर पर किरच से हमला किया। उसे अस्पताल ले जाया गया लेकिन उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज की जांच की।