पटियाला। मांगों को लेकर फोर्थ क्लास गवर्नमेंट इंप्लाइज यूनियन के बैनर तले मुलाजिमों ने वीरवार को जल स्रोत विभाग के भाखड़ा मेन लाइन सर्कल में रैली की। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार कोरोना की आड़ में मुलाजिम व मजदूरों की जायज मांगों को पूरा न करके उन्हें आर्थिक मंदी की तरफ धकेल रही है। मुलाजिम नेता दर्शन सिंह लुबाना ने कहा कि किसानी संघर्ष भी केंद्र सरकार की गलत नीतियों का नतीजा है। पंजाब सरकार ने इस साल चार महंगाई भत्ते की किश्तें व पिछला बकाया न देकर मुलाजिमों और पेंशनरों को आर्थिक ठेस पहुंचाई है। इसके साथ ही विभागों के पुर्नगठन के नाम पर मुलाजिमों विशेष तौर पर चौथा दर्जा मुलाजिमों की बड़ी संख्या में पोस्टे खत्म की गई हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब के नए भर्ती होने वाले मुलाजिमों पर केंद्रीय तनख्वाह आयोग के स्केल लागू होंगे। वित्त विभाग ने अपने पत्र में भी नए सेवादारों की भर्ती करने के लिए केंद्र का तनख्वाह स्केल देने की बात कही है। इस मौके उन्होंने एलान किया कि अगर उनकी मांगों को पूरा नहीं किया गया तो छह जनवरी को जिला हेडक्वार्टरों पर झंडा मार्च निकालेंगे।