केंद्रीय जेल पटियाला में आयोजित चार दिवसीय तीसरे पंजाब सुधार गृह खेल-2016 संपन्न हो गए। पटियाला, लुधियाना, अमृतसर व फरीदकोट जोन के लगभग दो सौ खिलाड़ियों की इस प्रतियोगिता में पटियाला जोन ओवरऑल चैंपियन बना है।
पटियाला के ही संपत को सर्वश्रेष्ठ एथलीट घोषित किया गया है। खास बात यह है कि विजेता खिलाड़ियों को उनकी सजा अवधि में 60 दिन की छूट दी जाएगी। पंजाब सरकार की ओर से खेलों को बढ़ावा देने की नीति के तहत यह घोषणा की गई है।
समापन समारोह में पहुंचे मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री सुरजीत सिंह रखड़ा ने कैदियों के खेल से प्रभावित होकर एक लाख रुपये की राशि आयोजक पटियाला जेल के लिए घोषित की है।
अगले साल यह प्रतियोगिता बठिंडा में आयोजित की जाएगी। रखड़ा ने कहा कि इंसान से गलतियां होती हैं लेकिन ऐसा भी नहीं है कि इंसान सुधर नहीं सकता। पंजाब के सुधार गृहों में ऐसा ही प्रयास हो रहा है।
खेल भी इसी का हिस्सा है। मौके पर पंजाब सरकार की ओर से प्रतिभावान विद्यार्थियों को छात्रवृत्तियां देने की योजना के तहत जेल कर्मियों के बच्चों व बंदियों के बच्चों को 12 हजार प्रतिवर्ष की छात्रवृत्ति भी मुख्य अतिथि की ओर से दी गई है।
इस अवसर पर पंजाब के एडीजीपी जेल राजपाल मीणा, आईजी जगजीत सिंह, डीआईजी जेल एलएस जाखड़ मुख्य रूप से उपस्थित थे।