घर बैठे पैसे निवेश कर ज्यादा मुनाफा कमाने का झांसा देकर ठगा
पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ केस दर्ज करके जांच शुरू की
अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला। पटियाला में कुल 81 लाख 58 हजार 166 रुपये की ऑनलाइन ठगी होने के दो मामले सामने आए हैं। पुलिस ने पीड़ितों की शिकायत पर अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
पहले केस में मनदीप सिंह निवासी गांव खालसपुर की ओर से थाना सन्नौर पुलिस को दी शिकायत के मुताबिक 20 जनवरी 2024 से 24 जनवरी 2024 के बीच किसी अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें विभिन्न टेलीग्राम चैनलों के जरिए आनलाइन संपर्क किया। अज्ञात व्यक्ति ने शिकायतकर्ता को घर बैठे ट्रेडिंग में पैसे निवेश करके ज्यादा मुनाफा कमाने का झांसा देकर 35 लाख 37 हजार 666 रुपये की ठगी की है। पुलिस ने इस शिकायत के आधार पर जांच के बाद अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
दूसरे केस में तेजपाल निवासी आनंद नगर-बी पटियाला की ओर से साइबर क्राइम पुलिस को दी शिकायत के मुताबिक किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसको विभिन्न टेलीग्राम चैनलों के जरिए आनलाइन संपर्क किया। कॉलर ने उसे घर बैठे पैसे निवेश करके ज्यादा मुनाफा कमाने का झांसा देकर 46 लाख 20 हजार 500 रुपये की ठगी की है। पुलिस ने शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
गौरतलब है कि पटियाला में आनलाइन ठगी के यह मामले नए नहीं हैं। पिछले कुछ समय से लगातार इस तरह के मामले सामने आ रहे हैं। हालांकि पुलिस ने कई मामलों को हल भी किया है और पीड़ितों को उनके पैसे वापस भी दिलाए हैं।