यह पहला मौका रहा, जब देश की राजधानी दिल्ली से बाहर स्पोर्ट्स अथारिटी आफ इंडिया (साई) की गवर्निंग बाडी की मीटिंग हुई। पटियाला के एनआईएस में आयोजित 45वीं गवर्निंग बाडी मीटिंग में शुक्रवार को संस्थान की ओल्ड मोती बाग पैलेस बिल्डिंग के संरक्षण व रेनोवेशन और इंडोर स्वीमिंग पूल की स्थापना के लिए करीब 25 करोड़ रुपये मंजूर किए गए। जल्द ही इन दोनों प्रोजेक्टों पर काम शुरू हो जाएगा।
इससे पहले केंद्रीय युवा मामले एवं खेल (स्वतंत्र प्रभार) सर्वानंद सोनवाल ने एनआईएस में सुबह इंडोर बास्केटबाल हाल, 150 बिस्तरों के सरदार मिल्खा सिंह हास्टल और एथलेटिक्स के स्ट्रेंथ ट्रेनिंग हाल का भी उद्घाटन किया। उनके साथ इस मौके पर साई के डायरेक्टर जनरल ई. श्रीनिवास और एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर एनआईएस एसएस राय भी मौजूद रहे।
इस मौके पर सोनवाल ने कहा कि एनआईएस पटियाला साई का एक अहम हिस्सा है। इसलिए एनआईएस की ओल्ड मोती बाग पैलेस बिल्डिंग के रेनोवेशन और संरक्षण के लिए गवर्निंग बाडी बैठक में 17.08 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।
साथ ही कोचों की लंबे समय से चली आ रही मांग के मद्देनजर एनआईएस में इंडोर स्वीमिंग पूल की स्थापना के लिए 7.87 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। वर्तमान में एनआईएस में आउट स्वीमिंग पूल है, जिसका इस्तेमाल कड़ाके की ठंड में नहीं हो पाता है।
जिससे स्वीमिंग के खिलाड़ियों की ट्रेनिंग सर्दी में प्रभावित होती है। इंडोर स्वीमिंग पूल के बनने से खिलाड़ियों को काफी फायदा होगा। करीब 25 करोड़ की राशि जल्द ही दोनों प्रोजेक्टों के लिए जारी कर दी जाएगी। जिससे जल्द ही प्रोजेक्टों पर काम शुरू हो सके।