पटियाला। शहर के डीएमडब्ल्यू इलाके से सटे विकास नगर के साथ लगती वन विभाग की करीब दस एकड़ जमीन इलाका वासियों के लिए मुसीबत का कारण बन चुकी है। इसकी साफ सफाई करवाने के बाद इसे नेचर पार्क के रूप में विकसित किया जाएगा। मेयर संजीव शर्मा बिट्टू ने एकता नगर में रहने वालों की मांग पर वन विभाग के अधिकारियों के साथ मौके का मुआयना करने के बाद इसका प्रपोजल बनाने पर विचार-विमर्श किया।
जिला वन अधिकारी हरभजन सिंह ने मेयर को विश्वास दिलाया कि वह अगले साल मार्च के अंत तक दस एकड़ जमीन को नेचर पार्क के रूप में विकसित कर देंगे। बड़ी नदी की बंधा रोड के साथ वन विभाग की करीब दस एकड़ जमीन है। एकता नगर में बीते दिनों मेयर मेरा कूड़ा मेरी जिम्मेदारी अभियान का संदेश घर-घर पहुंचाने के लिए पहुंचे थे। इस दौरान इलाका वासियों ने उन्हें बताया कि वन विभाग की जमीन बड़ी मुसीबत बन चुकी है। असामाजिक तत्व वन विभाग की इस जमीन में नशा करने के साथ-साथ अन्य असामाजिक गतिविधियों को अंजाम दे रहे हैं।
इलाका वासियों की सुरक्षा और मांग को गंभीरता से लेते हुए मेयर ने इस जमीन के दस्तावेज हासिल कर वन विभाग के कानूनगो के साथ मौके का जायजा लिया। इस दौरान मेयर के निर्देश पर वन विभाग ने इस जमीन पर नेचर पार्क तैयार करने का प्रपोजल जल्द बनाकर वन विभाग के मंत्री साधू सिंह धर्मस्रोत के पास भेजने का विश्वास दिलाया। जिला वन अधिकारी ने विश्वास दिलाया कि वह मार्च के अंत तक इस जमीन को इलाका वासियों के लिए सुरक्षित सैरगाह के रूप में विकसित कर देंगे।