पुरानी रंजिश में सोमवार को एक युवक की बाजार में छाती में चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। आरोपी मौके से फरार हो गया। थाना कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर आरोपी को काबू कर लिया है।
जांच अधिकारी हरशरणजीत सिंह ने बताया कि खालसा मोहल्ला निवासी संदीप बेहड़ा रोड पर बाइक रिपेयर का काम करता था। सोमवार को वह अपने दो दोस्तों के साथ बाइक पर तोपखाना मोड़ नजदीक जूती बाजार से जा रहा था। इसी बीच इंद्रधीर भी स्कूटी से जा रहा था। संदीप व इंद्रधीर ने जैसे ही एक-दूसरे को देखा तो पुरानी रंजिश के चलते दोनों अपने-अपने वाहनों से उतर गए और झगड़ने लगे। इसी बीच चाकू निकालकर इंद्रधीर ने संदीप की छाती में वार करने शुरू कर दिए। उसके दोस्तों ने संदीप को बचाने की काफी कोशिश की लेकिन नाकाम रहे। खून से लथपथ संदीप को वहीं छोड़कर आरोपी मौके से फरार हो गया। अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई।