भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय हुसैनीवाला बार्डर स्थित शहीदी स्मारक पर लाइट एंड साउंड प्रोजेक्ट लगाने के लिए शनिवार को सैर सपाटा व सभ्याचारक मामले पंजाब की प्रमुख सचिव अंजली भावड़ा और डायरेक्टर नवजोत पाल सिंह रंधावा ने शहीदी स्मारक का दौरा किया। साथ ही शहीदों की समाधि पर फूल अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
अंजली भावड़ा ने कहा कि शहीदी स्मारक को सैलानी केंद्र के लिए विकसित किया जाएगा। यहां पर लाइट एंड साउंड स्थापित किया जाएगा। शहीदी स्मारक पर सैलानियों को प्रत्येक प्रकार की सुविधा मुहैया करवाई जाएगी।
अंजली भावड़ा ने कहा कि शहीद स्मारक वाली जगह पर आजादी से पहले वाली रेलवे स्टेशन की खस्ता इमारत की मरम्मत के लिए फंड जारी किए जाएंगे। लाइट एंड साउंड प्रोजेक्ट पर जल्द ही कार्य शुरू किया जाएगा।
डायरेक्टर रंधावा ने कहा कि सैलानियों की आमद के तौर पर पंजाब देश में बारहवें स्थान आ गया है। आठ साल में पंजाब 28वीं स्थान से 12वें स्थान पर पहुंचा है। हर साल दो लाख 45 हजार सैलानी पंजाब में आते हैं।