पटियाला। पूर्व केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल ने पटियाला की सेंट्रल जेल में बंद पूर्व कैबिनेट मंत्री व अपने भाई बिक्रम सिंह मजीठिया के साथ मुलाकात की। इस मौके मीडिया से बात करते हरसिमरत कौर बादल ने एडीजीपी (जेल) हरप्रीत सिंह सिद्धू के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि विक्रम अंडर ट्रायल हैं और उनको 8 x 8 के छोटे से कमरे में कैद करके अन्याय किया जा रहा है। वहीं दूसरी तरफ पंजाब कांग्रेस के पूर्व प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू को उपचार के बहाने अस्पताल के एसी कमरे में रखा जा रहा है। आरोप लगाया कि डीजीपी हरप्रीत सिंह सिद्धू पारिवारिक झगड़े के चलते बिक्रम सिंह मजीठिया के साथ रंजिश निकाल रहे हैं। आगे कहा कि पहले कैप्टन अमरिंदर सिंह ने हरप्रीत सिद्धू को एसटीएफ प्रमुख बनाए रखा। इससे पंजाब में नशे के कारोबार पर तो नकेस नहीं कसी जा सकी, लेकिन बिक्रम सिंह मजीठिया को घेरने की तैयारी की जाती रही। कैप्टन के बाद चन्नी सरकार के कार्यकाल में बिक्रम के खिलाफ झूठा केस डाल दिया गया। इसके बाद अब मजीठिया से माफी मांगने वाले दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी अपनी रंजिश निकाल रहे हैं। हरसिमरत कौर बादल ने कहा कि जेल में बिक्रम सिंह मजीठिया पर अत्याचार किए जाने के साथ-साथ उनकी जान को भी खतरा बना हुआ है। अब केवल अदालत से उम्मीद बाकी है।