समाना-पटियाला रोड पर देर रात तीन अज्ञात लुटेरों ने ट्रक चालक को घायल कर नकदी, मोबाइल और जरूरी कागजात लूट लिए। सदर समाना पुलिस ने अज्ञात लुटेरों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। ट्रक चालक को समाना के सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया है।
जांच अधिकारी थाना सदर समाना से एएसआई सरबजीत सिंह ने बताया कि ट्रक चालक रजिंदर सिंह ने बयान दिया है कि वह आनंदपुर साहिब से पत्थर लेकर आ रहा था। रास्ते में पटियाला-समाना रोड पर गांव चौंहठ के पास ट्रक-ट्राले का टायर पंक्चर हो गया। टायर बदलने के लिए जब वह रुका तो वहां पहुंचे तीन बाइक सवार नौजवान मदद के बहाने टायर बदलने के लिए जैक फिट करने लगे। इसी बीच उन नौजवानों ने ट्रक से निकाली लोहे की रॉड से ड्राइवर पर हमला कर दिया। चालक बेहोश होकर जमीन पर गिर गया। लुटेेरे ने उसकी जेब से आठ हजार की नकदी, मोबाइल और एटीएम कार्ड व जरूरी कागजात निकाल लिए और फरार हो गए। इसी बीच पीछे से आ रहे एक ट्रक के चालक ने बेहोशी की हालत में घायल चालक को अस्पताल पहुंचाया।