पटियाला। रोजगार की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के आवास मोती महल को घेरने जा रहे ईटीटी टेट पास बेरोजगार अध्यापकों पर सोमवार दोपहर वाईपीएस चौक में पुलिस ने लाठियां बरसाईं और 50 अध्यापकों को गिरफ्तार कर लिया। इसमें 20 लड़कियां भी शामिल हैं। वहीं, महिला दिवस के मौके पर इन लड़कियों के साथ जमकर धक्का-मुक्की की गई और वाईपीएस चौक से बेरोजगार अध्यापकों को खदेड़ दिया गया।
ईटीटी टेट पास बेरोजगार अध्यापक यूनियन पंजाब ने रोजगार की मांग को लेकर बारादरी पार्क से मोती महल की तरफ घेराव करने के लिए कूच किया था। इस दौरान वाईपीएस चौक में भारी पुलिस फोर्स मौजूद थी। उन्होंने बैरिकेडिंग कर अध्यापकों को रोक लिया और आगे बढ़ने नहीं दिया। अध्यापक आगे बढ़ने के लिए अड़े रहे, जिस कारण दोनों पक्षों के काफी धक्का-मुक्की हुई। जब बेरोजगार अध्यापक नहीं माने, तो पुलिस ने उन पर लाठियां भांजनी शुरू कर दीं और करीब 50 बेरोजगार अध्यापकों को गिरफ्तार कर लिया। कुछ अध्यापकों ने बस में चढ़ने से इनकार कर दिया तो पुलिस उन्हें घसीटते हुए ले गई। इससे कुछ अध्यापक चोटिल हो गए। महिला दिवस पर रोजगार की मांग को लेकर लड़कियों के साथ हुई धक्का-मुक्की और उनकी गिरफ्तारी को लेकर डेमोक्रेटिक मुलाजिम फेडरेशन ने कैप्टन सरकार की निंदा की।
इन बेरोजगार अध्यापकों को किया गया काबू
इस मौके पर यूनियन का प्रदेश प्रधान दीपक कंबोज, सीनियर उप प्रधान संदीप सामा, निर्मल जीरा, जरनैल, मनी, मंगल के अलावा लड़कियों में मनप्रीत कौर, अकविंदर कौर बरनाला, सोनिया पटियाला, बेअंत कौर, नवीन कौर, गगनदीप कौर, गुरमीत कौर, कर्मी कौर, रणजीत कौर, कुलदीप कौर, रणदीप कौर, मनप्रीत कौर, कृष्णा कौर, हरप्रीत कौर, पिंकी देवी, मलकीत कौर, मनप्रीत, मनजीत कौर और सुखविंदर कौर को गिरफ्तार किया गया।
ये हैं मांगें
1. ईटीटी के 2364 पदों पर भर्ती ईटीटी टेट पास उम्मीदवारों की पहल के आधार पर किया जाए।
2. 10000 ईटीटी अध्यापकों के पदों की भर्ती का विज्ञापन जल्द जारी किया जाए।
3. उच्च योग्यता के नंबरों की शर्त हटाई जाए।
4. भर्ती में आयु सीमा की छूट दी जाए।
5. शिक्षा प्रोवाइडरों व वालंटियरों को दिए गए अतिरिक्त अंकों की शर्त हटाई जाए।