खनौरी बॉर्डर पर शनिवार को किसान महापंचायत में जगजीत सिंह डल्लेवाल ने कहा कि अगर लोगों का उन्हें इसी तरह साथ मिलता रहा तो सरकारें चाहे जितना जोर लगा लें, हर हाल में जीत किसानों की ही होगी।
उन्होंने कहा, पुलिस ने उन्हें आंदोलन से उठाने की कई कोशिशें की, लेकिन नौजवानों ने मोर्चा संभाले रखा जिस वजह से वे अपने मंसूबों में सफल नहीं हो पाए। भविष्य में सरकार हमला कर उन्हें आंदोलन से उठा न सके, इसके लिए पंजाब के हर गांव से एक ट्रॉली भरकर युवा आंदाेलन में पहुंचें। डल्लेवाल ने भारी संख्या में आंदोलन में शामिल होने के लिए किसानों का धन्यवाद किया।
डल्लेवाल ने कहा, उन्हें पता चला है कि महापंचायत में आते समय हुए सड़क हादसों में कईं किसानों को चोटें आई हैं। वह दुआ करते हैं कि किसी का जानी नुकसान न हो और सभी सुरक्षित घरों को वापस लौट जाएं। इस दौरन 40 दिन से अनशन कर रहे डल्लेवाल जैसे ही संबोधित करने मंच पर पहुंचे, लोगों ने तालियां बजाकर और सत् श्री अकाल के जयघोष से उनका स्वागत किया।
डल्लेवाल ने पहले किसानी आंदोलन पर कहा, अन्य राज्यों के किसान नेता उलाहना देते थे कि पंजाब लड़ाई को बीच में छोड़कर चला गया। इसे दूर करने के लिए किसान आंदोलन 2.0 की शुरुआत की गई है। महापंचायत में पंजाब से करीब एक लाख लोगों के पहुंचने का दावा किया गया। इस आंदोलन की जीत के लिए जरूरी है कि देश के बाकी राज्यों के किसान भी इस लड़ाई में उनका सहयोग करें।
पंधेर बोले- डल्लेवाल को जबरन उठाया, तो लाशों से गुजरना होगा : किसान नेता सरवण सिंह पंधेर ने कहा कि केंद्र व पंजाब सरकारें कभी भी बॉर्डरों की तरफ रुख कर सकती हैं, इसलिए किसानों से अपील है कि बार्डरों पर गिनती कम न होने दें। साथ ही साफ किया कि अगर डल्लेवाल को जबरन उठाने की कोशिश की, तो फिर सरकारों को किसानों की लाशों पर से गुजरना पड़ेगा।
बोले- कर्ज में डूबे सात लाख किसान कर चुके हैं आत्महत्या
डल्लेवाल ने कहा कि देशभर में कर्जों के कारण करीब सात लाख किसान आत्महत्याएं कर चुके हैं। भविष्य में और कोई किसान आत्महत्या न करे,इसलिए यह आंदोलन शुरू किया गया है। किसानों को घट रहे जलस्तर के लिए निशाने पर लिया जाता है। अगर एमएसपी की कानूनी गारंटी मिल जाती है, तो यह समस्या भी हल हो जाएगी।
डल्लेवाल की जान बचाने के लिए बात करे केंद्र : खुडियां
चंडीगढ़। पंजाब के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री गुरमीत सिंह खुडियां ने शनिवार को केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से किसानों और केंद्र सरकार के बीच गतिरोध खत्म कर बात करने की अपील की, ताकि किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल की जान बचाई जा सके।
10 को देशभर में केंद्र सरकार के पुतले फूंके जाएंगे : किसान नेता काका सिंह कोटड़ा ने एलान किया कि 10 जनवरी को देश भर में केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ पुतले फूंके प्रदर्शन किए जाएंगे। यह प्रदर्शन हर गांव, हर कसबे व हर शहर में किए जाएंगे।