श्री आनंदपुर साहिब में पंच प्यारा पार्क में स्थापित खंडा साहिब टूटकर लटका हुआ।
- फोटो : अमर उजाला
पिछले साल श्री आनंदपुर साहिब के 350 सालों स्थापना दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल की तरफ से विश्व भर की संगत को समर्पित किया गया साढ़े 79 फुट ऊंचा खंडा केवल सवा साल में ही टेढ़ा हो गया।
इसे ठीक नहीं करवाया गया था। बुधवार को पंच प्यारा पार्क में स्थापित खंडा साहिब करीब 4 बजे तेज हवा के कारण टूटकर लटक गया। खंडा साहिब बनाने वाले बाबा चमकौर सिंह ने इसके निर्माण के समय बताया था कि इसका वजन 80 टन का है। इसे स्टील का बनाया गया था। इसे बनाने में लागत 22 लाख आई थी। निर्माण के कुछ समय बाद से ही खबरें आईं थीं कि यदि इसको समय रहते सीधा न किया गया तो हवा के दबाव के साथ यह गिर सकता है, लेकिन इसे ठीक नहीं किया गया।
इस बारे में खंडा साहिब लगाने वाले बाबा चमकौर सिंह के साथ कई बार संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनसे बात नहीं हो पाई। वहीं श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी गुरबचन सिंह ने कहा कि खंडा लगाने वाले प्रबंधकों को इसके टेढ़े होने के बारे में पता था तो उनका फर्ज था कि उसे ठीक करवाते। उन्होंने कहा कि बेअदबी होने के कारण प्रबंधकों पर कार्रवाई होगी।
उधर, तख्त श्री केसगढ़ साहब के मैनेजर मुखत्यार सिंह ने कहा कि खंडे का गिर जाना बुरी बात है। वह इस बारे में प्रबंधकों के साथ बात करके तुरंत खंडा ठीक करवाने के प्रबंध करेंगे।