पंजाबी यूनिवर्सिटी के गुरमत संगीत विभाग और गुरमत संगीत चेयर की ओर से प्रमुख डा. गुरनाम सिंह की अगुवाई में कराई जा रही तीन दिवसीय आठवीं गुरमत संगीत प्रतियोगिता कैंपस के कला भवन में संपन्न हो गई।
प्रतियोगिता में विजेता रहे विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इस मौके पर विशेष तौर से पूर्व मंत्री हरमेल सिंह टोहड़ा, गुरु काशी यूनिवर्सिटी के एडवाइजर टू चांसलर एस के आहलूवालिया, प्रसिद्ध समाज सेवी एसपी सिंह ओबराय, मेयर अमरिंदर सिंह बजाज मौजूद रहे।
गुरमत संगीत प्रतियोगिता में हुए मुकाबलों में ग्रुप शबद गायन सीनियर वर्ग में पहला स्थान खालसा कालेज पटियाला, सरकारी कालेज रोपड़ और माता गुजरी कालेज फतेहगढ़ साहिब ने दूसरा और गुरमत संगीत अकादमी आनंदपुर साहिब ने तीसरा स्थान हासिल किया।
ग्रुप शबद में पहला स्थान हासिल करने वाली टीम को 21 हजार रुपये का नगद पुरस्कार, दूसरे स्थान पर आने वाली दोनों टीमों को 11 हजार और तीसरे स्थान पर आने वाली टीम को 5100 रुपये नगद पुरस्कार दिए गए।
इसी कैटेगरी में जूनियर वर्ग के मुकाबले में पहला स्थान गुरु नानक इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल लुधियाना ने, सतपाल मित्तल स्कूल लुधियाना और गुरु गोबिंद सिंह पब्लिक स्कूल लुधियाना ने दूसरा और संत बाबा फतेह सिंह पब्लिक स्कूल ने तीसरा स्थान हासिल किया।
व्यक्तिगत शबद गायन के सीनियर वर्ग में पहला स्थान स्वर सजीना अकादमी मोगा के गुरमीत सिंह ने, गुरमत संगीत अकादमी आनंदपुर साहिब के जुगराज सिंह ने दूसरा और माता साहिब कौर गर्ल्स कालेज की काजल और खालसा कालेज पटियाला के कंवलप्रीत सिंह ने तीसरा स्थान हासिल किया।
समाजसेवी ओबराय ने कहा कि गुरमत संगीत विभाग के प्रमुख डा. गुरनाम सिंह ने सिख जगत की इस धरोहर को जन-जन तक पहुंचाने के लिए ऐसे काम किए हैं, जिसके लिए सिख जगत हमेशा इनका ऋणी रहेगा।