जिले के गांव कालाबूला में पिछले तीन दिन से वाटर वर्क्स खराब पड़ा है, जिसकी वजह से गांव में बसने वाले दलित वर्ग को इस सर्दी के मौसम में भी पानी की किल्लत से जूझना पड़ रहा है। इससे लोगों में रोष है।
गांव निवासी रणधीर सिंह, हरजीत सिंह, सिंदर सिंह, गुरविंदर सिंह, निहाल सिंह ने कहा कि उनके यहां पानी की सप्लाई नहीं आ रही। इस समस्या से ज्यादा प्रभावित दलित तबका है।
गांव में पानी सप्लाई करने के लिए लगाए वाटर वर्क्स की मोटर खराब पड़ी है, जिसे ठीक कराना महकमे ने जरूरी नहीं समझा। लोगों को अपने काम चलाने के लिए दूर दराज से पानी भरकर लाना पड़ रहा है।
उन्होंने वाटर सप्लाई विभाग से मांग की कि उनकी समस्या का समाधान किया जाए और वाटर वर्क्स में बड़ी मोटर डाली जाए ताकि गांववासियों को आ रही पानी की समस्या से निजात मिल सके।
वाटर सप्लाई विभाग के एक्सईएन आरके गुप्ता ने कहा कि गांव में वाटर वर्क्स की मोटर सड़ गई है, जिसकी वजह से पानी की समस्या आ रही है। जल्द ही मोटर को ठीक करवाकर पानी की समस्या को दूर किया जाएगा।