पटियाला। सांसद परनीत कौर ने शुक्रवार को गांव सफेड़ा के उन किसानों के परिवारों को नये ट्रैक्टर-ट्रॉली सौैंपे जिनके ट्रैक्टर-ट्राली कुछ समय पहले सिंघु बार्डर से लौटते वक्त सड़क हादसे में क्षतिग्रस्त हो गए थे। हादसे में जान गंवाने वाले किसान लाभ सिंह के परिवार को नया ट्रैक्टर और घायल सरपंच नरिंदर सिंह को ट्राली मुहैया करवाई गई। इस दौरान परनीत कौर ने गांव प्रतापगढ़ में किसान जगीर सिंह के परिवार से मिलकर शोक भी जताया। उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी से अपील की कि वह किसानों की जायज मांगों को मानते हुए कानूनों को तुरंत रद्द करें। सांसद ने कहा कि कैप्टन सरकार शुरू से ही किसानों के संघर्ष में उनके साथ खड़ी है और अंत तक साथ देगी। जब देश ही नहीं, पूरा विश्व भारत के किसानों के साथ इन खेती कानूनों के विरोध में खड़ा है तो ऐसे में मोदी सरकार को अपना हठ छोड़ देना चाहिए। केंद्र को किसानों के साथ बैठक करके समय खराब नहीं करना चाहिए। उनकी जायज मांगें मान कर खेती कानून रद्द करने चाहिए। इसी में किसानों की भलाई है। परनीत ने आम लोगों से भी संघर्ष में भागेदारी करने की अपील की। साथ ही बताया कि गांव सफेड़ा के नौजवान किसान गुरप्रीत सिंह गोल्डी की याद में गांव में बनने वाले कम्युनिटी सेंटर का काम जल्द शुरू हो जाएगा। इस किसान की मौत बॉर्डर से लौटते वक्त सड़क हादसे में हो गई थी।