जगजीत डल्लेवाल के लिए माॅडिफाई की गई ट्राली।
- फोटो : अमर उजाला
किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल का आमरण अनशन खनौरी मोर्चे पर बुधवार को 58वें दिन भी जारी है। किसान नेता अभिमन्यु कोहाड़ ने बताया कि डाॅक्टरों की सलाह के मुताबिक डल्लेवाल की सेहत में सुधार के लिए उन्हें ताजा हवा व धूप की जरूरत है। इसके मद्देनजर उनके लिए विशेष कमरा बनाया जा रहा है। इसे तैयार होने में अभी दो से तीन दिन लगेंगे।
इसलिए डल्लेवाल के लिए फिलहाल ट्राॅली को मॉडिफाई करके कमरे का रूप दिया गया है। इस ट्राॅली में डल्लेवाल को बुधवार दोपहर तक शिफ्ट किया जाएगा। इसमें शीशे लगे हैं, जिनके जरिये डल्लेवाल को धूप मिल सकेगी। ट्रॉली के आसपास की जगह को बैक्टीरिया-मुक्त करने के लिए विशेषज्ञों की टीम साफ-सफाई एवं दवाइयों का छिड़काव कर रही है। अनशन पर रहने के चलते डल्लेवाल के शरीर में बीमारियों से लड़ने की क्षमता बेहद कम हो गई है।
कोहाड़ ने बताया कि यह ट्राली खनाैरी बार्डर पर मंच के नजदीक लगाई गई है। इसके साथ ही फेंसिंग भी की जाएगी, जिससे अगर डल्लेवाल बाहर आकर मंजे पर लेट कर धूप सेंकना चाहते हैं, तो ले सकें।