पटियाला पुलिस ने आईपीएल मैचों पर सट्टा लगाने वाले और दड़ा सट्टे का धंधा करने वाले छह लोगों को काबू कर लिया है। आरोपियों के पास से 35 हजार 410 रुपये की नकदी भी बरामद की गई है।
एसएसपी हरदियाल सिंह मान ने बुधवार को बताया कि चौकी कस्तूरबा थाना सिटी राजपुरा पुलिस चेकिंग के संबंध में पचरंगा चौक राजपुरा में मौजूद थी। इस दौरान उन्हें सूचना मिली कि हरदीप कुमार निवासी राजपुरा टाउन, रजिंदर कुमार निवासी राजपुरा टाउन आईपीएल मैचों पर लोगों को गलत तथ्य बताकर सट्टा लगवाते हैं। वैट जमा नहीं करवाकर वह सरकारी खजाने को लाखों का चूना लगा रहे हैं।
सूचना पर पुलिस ने फौरी कार्रवाई करते हुए आरोपियों को काबू करके थाना सिटी राजपुरा में केस दर्ज किया है। आरोपियों के पास से पुलिस ने 24 हजार 165 रुपये भी बरामद किए हैं। आरोपी आम लोगों को बहला-फुसला कर पैसे दोगुने देने का झांसा देकर क्रिकेट खिलाड़ियों और आईपीएल मैचों की जीत-हार पर दड़ा सट्टा लगाते थे।
इनके अलावा सीआईए स्टाफ पटियाला पुलिस ने नाभा गेट पटियाला के पास से तलविंदर सिंह निवासी हीरा नगर नजदीक 22 नंबर फाटक पटियाला को दड़ा सट्टा लगाने के आरोप में काबू करके 1310 रुपये की नगदी बरामद की। एक अन्य मामले में वरिंदर कुमार निवासी बचितर नगर माडल टाउन पटियाला को छोटी बारादरी पटियाला के पास से दड़ा सट्टा लगाने के आरोप में काबू करके 1550 रुपये बरामद किए गए।
वहीं संदीप कुमार निवासी पटियाला को मेन बाजार गुरु नानक नगर के पास से दड़ा सट्टा लगाने के आरोप में काबू करके 2885 रुपये बरामद किए गए।