पटियाला में नशे के खिलाफ जागरूकता दौड़ में हिस्सा लेते न्यायिक अधिकारी व अन्य।
- फोटो : अमर उजाला
पंजाब कानूनी सेवाएं अथारिटी के दिशा-निर्देश पर नशे के खिलाफ जागरूकता के लिए मैराथन आयोजित की गई। यह फूल सिनेमा से शुरू होकर विभिन्न बाजारों से होते हुए बारादरी बाग स्थित महारानी लेडीज क्लब जाकर खत्म हुई। इसमें स्कूलों के 200 से ज्यादा स्टूडेंट्स व अध्यापकों ने हिस्सा लिया। रैली को संबोधित करते हुए डिवीजनल कमिश्नर अजीत सिंह पन्नू ने कहा कि देश में गरीबी, बेरोजगारी और अनपढ़ता की गंभीर समस्या है। इसके अलावा नशों ने इन समस्याओं में और इजाफा कर दिया है। नशों के खिलाफ सभी की ओर से मिलकर लड़ाई करने की जरूरत है।
इस मौके पर जिला एवं सेशन जज एचएस मदान ने कहा कि नौजवानों को नशों व अपराध से बचाना सभी का फर्ज है, क्योंकि सेहतमंद समाज के निर्माण में हरेक नागरिक का योगदान होना चाहिए। उन्होंने कहा कि नशों के कारण अपराधों की गिनती बढ़ रही है। परिवार टूट रहे हैं, लोगों के मन की शांति, सम्मान, सेहत और धन की बुरी तरह से बर्बादी हो रही है। सीजेएम कम सचिव जिला कानूनी सेवाएं अथारिटी आशीष कुमार बांसल ने कहा कि नशे करने वाला व्यक्ति केवल अपना ही नहीं, बल्कि अपने परिवार व समाज का भी बुरा करता है और इससे बचना चाहिए। सिविल सर्जन डा. राजीव भल्ला ने नशों के साथ होने वाली बीमारियों के बारे में बताया। इस मैराथन दौड़ में एडीसी महिंदरपाल सिंह, पटियाला के जज साहिबान, बार कौंसिलों के प्रधान, वकील भाईचारे ने हिस्सा लिया।