-खामियों की रिपोर्ट दिल्ली भेजी, 1 मार्च तक उड़ानें शुरू होना मुश्किल
-
संवाद न्यूज एजेंसी
हलवारा। भारतीय वायु सेना केंद्र हलवारा के समीप बने अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का सुरक्षा दल और एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एएआई) की दिल्ली से आई टीम ने विस्तृत दौरा कर निरीक्षण किया। टीम ने मौके पर मौजूद खामियों की तस्वीरें और विस्तृत रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेज दी है। जांच के बाद 1 मार्च से उड़ानें शुरू होने के दावों पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
रिपोर्ट के अनुसार एयरपोर्ट पर एक इंस्पेक्टर, दो एएसआई सहित 54 सदस्यीय पंजाब पुलिस सुरक्षा बल की तैनाती प्रस्तावित है। जिला प्रशासन का कहना है कि सुरक्षा कर्मियों की ट्रेनिंग चल रही है। हालांकि एयरपोर्ट पर तैनात चार सदस्यीय अस्थायी पुलिस टुकड़ी के इंचार्ज गुरजीत सिंह ग्रेवाल ने बताया कि मौके पर बुनियादी इंतजाम तक नहीं हैं। सुरक्षा कर्मियों के रहने की व्यवस्था नहीं है और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं के अभाव में खुले में जाना पड़ रहा है। ऐसे में 54 सदस्यीय बल की तैनाती फिलहाल व्यावहारिक नहीं है।
सड़क और अप्रोच रोड
बड़ी बाधा
टर्मिनल से एप्रन तक यात्रियों को ले जाने वाली सड़क बेहद संकरी है और इसे चौड़ा करने का काम शुरू नहीं हुआ। वहीं लुधियाना-बठिंडा राजमार्ग से हलवारा गांव होते हुए एतिआणा तक एयरपोर्ट की एकमात्र अप्रोच रोड केवल 18 फुट चौड़ी है, जिसे 118 फुट किया जाना प्रस्तावित है। इसके लिए करीब 30 एकड़ जमीन का अधिग्रहण होना है, लेकिन मुआवजे को लेकर विवाद के कारण प्रक्रिया अटकी हुई है।
वायुसेना की उड़ानों से निर्माण प्रभावित
एयरपोर्ट का टैक्सीवे वायुसेना के रनवे से जोड़ने का काम भी धीमी गति से चल रहा है। सुखोई-30 एमकेआई लड़ाकू विमानों की नियमित प्रैक्टिस उड़ानों के कारण ठेका कंपनी को कई बार काम रोकना पड़ता है। एअर इंडिया की टीम भी निरीक्षण कर चुकी है, लेकिन उड़ानों की समय-सारणी घोषित नहीं की गई। सिर्फ इतना स्पष्ट है कि पहले चरण में हलवारा से दिल्ली के लिए उड़ानें प्रस्तावित हैं। एयरपोर्ट की टर्मिनल बिल्डिंग, एप्रन, पार्किंग, सब-स्टेशन और चारदीवारी तैयार है, लेकिन सुरक्षा, अप्रोच रोड और यात्री सुविधाएं पूरी हुए बिना 1 मार्च तक उड़ानें शुरू होना फिलहाल दूर की कौड़ी नजर आ रहा है।