पंजाब के औद्योगिक खपतकारों की निरंतर मांग को ध्यान में रखते हुए पंजाब स्टेट पावर कारपोरेशन लिमिटेड (पावरकॉम) ने शनिवार देर शाम जनरल श्रेणी के बड़े उद्योगों को अब 100 केवीए तक लोड चलाने की अनुमति दी है। जबकि पहले बड़े उद्योगों को 50 केवीए तक लोड चलाने की थी।
गौरतलब है कि उद्योगपतियों की ओर से लगातार शिकायत की जा रही थी कि पावरकॉम की ओर से बिजली संकट के मद्देनजर लगाई पाबंदियों से उनका रोजाना बड़ा नुकसान हो रहा है।
छूट से सिस्टम पर बढ़ेगा 600 मेगावाट का लोड
पावरकॉम के सीएमडी ए वेणु प्रसाद ने बताया कि इस छूट से पावरकॉम के सिस्टम पर 600 मेगावाट का लोड बढ़ जाएगा। जिस कारण पावरकॉम के लिए बिजली की मांग को पूरा करना और मुश्किल होने जा रहा है।
आज 752 मेगावाट बिजली खरीदेगा पावरकॉम
सीएमडी ने खुलासा किया कि बढ़े लोड के कारण पावरकॉम ने रविवार को 752 मेगावाट बिजली बाहर से खरीदने का प्रबंध किया है। यह बिजली 3.08 पैसे प्रति यूनिट के हिसाब से खरीदी जाएगी। सीएमडी ने माना कि मानसून में देरी और खेतीबाड़ी सेक्टर के कारण राज्य में बिजली की मांग काफी बढ़ी है। ऊपर से तलवंडी साबो प्लांट बंद पड़ गया और उधर हाइड्रो पावर स्टेशनों से भी बिजली सप्लाई में बड़ी कटौती से बिजली आपूर्ति में कमी आई है।