बेरोजगार लाइनमैनों के समर्थन में धरनास्थल पर टीम इंसाफ के लीडर सिमरजीत सिंह बैंस पहुंचे। उन्होंने कहा कि जैसे रेत माफिया पर बादल परिवार का कब्जा है उसी तरह पावरकॉम पर भी ठेकेदारी सिस्टम के जरिए बादल परिवार के चहेते करोड़ों की लूट कर रहे हैं।
लाइनमैनों की भर्ती को लटकाया जा रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वह बेरोजगार लाइनमैनों की मांग को विधानसभा में उठाएंगे। उधर मंगलवार को बेरोजगार लाइनमैन यूनियन के प्रदेश प्रधान परिमल सिंह का मरणव्रत 13वें दिन में दाखिल हो गया।
प्रदेश सलाहकार सोमा सिंह भड़ो और प्रदेश खजांची भोला सिंह खालसा ने कहा कि मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने अपने पिछले कार्यकाल के दौरान 22 अगस्त 2010 को पावरकॉम में 5000 लाइनमैन 10 दिन में भर्ती करने का वादा किया था।
पांच साल बीत चुके हैं लेकिन वादा पूरा नहीं किया गया। पंजाब सरकार व पावरकॉम की मैनेजमेंट एक तरफ पावरकॉम में 40 हजार के करीब पद भरने की बात कर रही है दूसरी तरफ बेरोजगार लाइनमैन पांच सालों से रहते 4000 लाइनमैनों के नियुक्ति पत्रों की मांग को लेकर संघर्ष कर रहे हैं।