सांसद परनीत कौर ने कहा कि अगर उन्हें कोरोना होता है, तो वह चाहेंगी कि उनका इलाज सरकारी राजिंदरा अस्पताल के डाक्टरों की देखरेख में हो। वह पटियाला में एक चैनल साथ बात कर रही थीं। इस मौके पर परनीत ने दावा किया कि पूरे पंजाब में पटियाला स्थित सरकारी राजिंदरा अस्पताल में कोविड मरीजों का बेहतर इलाज हो रहा है। उन्होंने राजिंदरा में कोविड मरीजों के इलाज में लापरवाही के लग रहे सारे आरोपों का खंडन किया।
परनीत कौर ने कहा कि कोरोना जैसी महामारी पर भी विरोधी पार्टियां राजनीति कर रही हैं। यह विरोधी ही हैं, जो अस्पताल में दाखिल कोविड मरीजों के बाहर बैठे रिश्तेदारों को भड़काते हैं। उन्होंने कहा कि सीएम सिटी होने कारण विरोधी इसका फायदा आने वाले चुनावों में लेना चाहते हैं। यह बेहद गलत है, जिसकी वह भरसक निंदा करती हैं। उन्होंने कहा कि जब चुनावों का वक्त आएगा, तब विरोधी खुलकर मैदान में आएं। इस मौके पर उन्होंने कहा कि पटियाला जिले में ऑक्सीजन की सप्लाई निर्विध्न करने को एमपी फंड से दो करोड़ खर्चे जाएंगे।