शाही शहर हरे रामा हरे कृष्णा, कृष्णा-कृष्णा हरे-हरे के भजन से गूंज उठा। मौका था इस्कान चंडीगढ़ और भगवान जगननाथ रथयात्रा महोत्सव समिति की ओर से शहर में निकाली गई भव्य भगवान जगननाथ रथयात्रा का।
श्री काली माता मंदिर से शुरू होकर भगवान जगननाथ रथयात्रा शहर के विभिन्न बाजारों से होते हुए देर शाम जाकर राजकमल पैलेस में समाप्त हुई। जहां पर श्रद्धालुओं के लिए भंडारा रखा गया था।
दोपहर करीब दो बजे भगवान जगननाथ रथयात्रा शहर के ऐतिहासिक श्री काली माता मंदिर के बाहर से शुरू हुई। इसका मुख्य आकर्षण 50 फुट ऊंचा रथ था, जिस पर भगवान जगननाथ विराजमान थे।
आगे भक्त भजनों पर मंत्रमुग्ध होकर नाच रहे थे। माहौल पूरी तरह से भक्ति के रस में सराबोर था।
रथयात्रा शेरां वाला गेट से लाहौरी गेट, आर्य समाज चौक, त्रिवेणी चौक, सरहंदी बाजार, किला चौक, सदर बाजार, अदालत बाजार, धर्मपुरा बाजार, शेरां वाला गेट, फव्वारा चौक, लीला भवन चौक, 22 नंबर फाटक से होते हुए राजकमल पैलेस पर आकर देर शाम समाप्त हुई।
इससे पहले रथयात्रा जिस भी बाजार से गुजरी, वहां लोगों ने बड़े ही श्रद्धा भाव से माथा टेक कर प्रसाद ग्रहण किया। राजकमल पैलेस में भक्तों के लिए भंडारा रखा गया था, जिसे सभी ने बेहद श्रद्धा से ग्रहण किया।