कोरोना की इस महामारी से बुजुर्गों को बचाने के लिए पटियाला पुलिस ने एक बड़ी पहल की है। जिला पुलिस ने ओला कंपनी साथ करार किया है। इसके तहत बुजुर्गों को वैक्सीनेशन कराने के लिए घरों से लाने और फिर वापस छोड़ने के लिए मुफ्त कैब सेवा मुहैया कराई जाएगी। इसके तहत रोजाना 30 बुजुर्गों का वैक्सीनेशन कराने का लक्ष्य रखा गया है।
एसएसपी विक्रमजीत दुग्गल ने बताया कि कुछ बुजुर्गों की तरफ से वैक्सीनेशन कराने के लिए जाने और वापस आते वक्त समस्या होने की शिकायत की जा रही थी। इसे देखते हुए डीएसपी गुरिंदर बल के प्रयास से पटियाला पुलिस ने एक बड़ा कदम उठाते हुए ओला कंपनी साथ एक महीने के लिए एमओयू साइन किया है। इसके तहत कंपनी की ओर से एक मोबाइल नंबर और एक एप डाउनलोड करके दिया गया है। अब जब भी कोई बुजुर्ग उन्हें वैक्सीनेशन कराने का समय और तारीख बताएगा, तो तुरंत पुलिस की ओर से उक्त एप पर बुजुर्ग का नाम और डिटेल भेज दी जाएगी। इसके बाद ओला कंपनी की ओर से उस बुजुर्ग को मुफ्त कैब सेवा उन्हें घर से लाने और छोड़ने के लिए दी जाएगी। बुजुर्गों की वैक्सीनेशन पुलिस लाइन के अस्पताल में कराई जाएगी। रोजाना 30 बुजुर्गों की वैक्सीनेशन कराई जाएगी, जिसके लिए सेहत विभाग से संपर्क साध कर डोज हासिल की जाएगी। एसएसपी ने बताया कि ओला कंपनी के साथ एमओयू की अवधि आगे भी बढ़ाई जाएगी।