अब दिन-रात किसी भी समय बसों में आसानी से हो सकेगी चेकिंग
अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला। टिकट चोरी पर लगाम कसने के लिए पेप्सू रोड ट्रांसपोर्ट कारपोरेशन (पीआरटीसी) ने एक अहम कदम उठाया है। इसके तहत कारपोरेशन ने इंफोर्समेंट विंग के सेंट्रल फ्लाइंग स्कवायड को और मजबूत करने के लिए इसे पांच और नई कारें मुहैया कराईं हैं। इनके जरिये चेकिंग स्टाफ के लिए दिन या रात किसी भी समय बसों की चेकिंग करना आसान हो जाएगा।
पीआरटीसी के चेयरमैन रणजोध सिंह हडाना ने कहा कि टिकट चोरी पर रोक लगने से कारपोरेशन की आमदनी भी बढ़ेगी। गौरतलब है कि पीआरटीसी पंजाब राज्य सहित अन्य 8 राज्यों में दिन-रात अपनी बस सेवा चलाती है। पिछले लंबे समय से पीआरटीसी आर्थिक दिक्कतों से जूझ रहा है। दरअसल महिलाओं के मुफ्त बस सफर का करोड़ों रुपये का भुगतान सरकार की तरफ पेंडिंग है। ऐसे में टिकट चोरी पर लगाम कसने के लिए कारपोरेशन का यह कदम अहम माना जा रहा है। चेयरमैन हड़ाना ने इन नई कारों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।