अमर उजाला ब्यूरोपटियाला। पटियाला की सेंट्रल और नाभा की नई जिला जेल में चले तलाशी अभियान में पांच मोबाइल फोन समेत सिम और बैटरियां बरामद हुई हैं। जेल अधिकारियों की शिकायत पर पुलिस ने तीन हवालातियों को नामजद करने के अलावा कुछ अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है।
पटियाला जेल के सहायक सुपरिंटेंडेंट हरबंस लाल ने थाना त्रिपड़़ी पुलिस बताया कि हवालाती रवि निवासी फिरोजपुर के सामान की तलाशी करने पर उसके बिस्तर से एक मोबाइल समेत बैटरी और सिम बरामद हुआ। इसी तरह से हवालाती दर्शन कुमार निवासी राजपुरा की जिस्मानी तलाशी लेने पर भी एक मोबाइल समेत सिम व बैटरी मिली। इसके बाद बैरक नंबर 9-2 के शौचालयों में से एक मोबाइल और बैरक की पिछली साइड कूड़े में से भी एक मिला है।
नाभा की नई जिला जेल के सहायक सुपरिंटेंडेंट आकाशदीप के अनुसार चक्की नंबर 12 की तलाशी लेने पर कैदी भुपिंदर सिंह निवासी जोधपुर जिला मोहाली ने गार्द को देखकर अपना फोन तोड़ दिया। चेक करने पर टूटा हुआ टच मोबाइल समेत सिम व बैटरी बरामद हुआ।