अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला। सरकारी राजिंदरा अस्पताल के बाहर ढाबे पर मामूली बात को लेकर आठ लोगों ने एक युवक पर फायरिंग की। इस वारदात में युवक ने अपने दोस्तों के साथ किसी तरह से भागकर जान बचाई। थाना सिविल लाइन पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज करके इनमें से दो सगे भाइयों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक बाकी आरोपियों की भी जल्द धरपकड़ कर ली जाएगी।
हसनप्रीत सिंह निवासी मलकाना पती माजरी समाना ने पुलिस के पास बयान दिया है कि वह रात 11 बजे अपने दोस्तों सुखदीप सिंह, अमृतपाल सिंह निवासी गांव कुरलिया जिला मानसा और शमशेर सिंह निवासी राजल हेड़ी जिला संगरूर के साथ कार में सरकारी राजिंदरा अस्पताल के बाहर ढाबे पर खाना खाने गया था। जहां आरोपी पलविंदर सिंह, उसका भाई जसविंदर सिंह निवासी रवास ब्राहमणा और जसविंदर सिंह निवासी न्यू आफिसर कालोनी पटियाला, बिंदर व चार अज्ञात लोग भी मौजूद थे। आरोपी जसविंदर सिंह के पास पिस्टल और बिंदर के पास रिवाल्वर थी। किसी बात को लेकर जसविंदर सिंह ने तैश में आकर अमृतपाल सिंह के थप्पड़ मारा। जब शिकायतकर्ता हटाने लगा, तो आरोपी बिंदर ने अपने हाथ में पकड़े रिवाल्वर के साथ जान से मारने की नीयत से उस पर फायर किया। शिकायतकर्ता तुरंत एक तरफ को हो गया। इसके बाद शिकायतकर्ता अपने दोस्तों के साथ सड़क की तरफ भागने लगा। इसी बीच पलविंदर सिंह ने भागकर शिकायतकर्ता हसनप्रीत सिंह के सिर पर बीयर की बोतल मारी। जसविंदर सिंह ने अपने हाथ में पकड़े पिस्टल का फायर उसके सिर की तरफ किया। यह गोली हसनप्रीत सिंह की बाई बाजू के नजदीक से निकल गई। हसनप्रीत सिंह व उसके दोस्तों ने भागकर अपनी जान बचाई। आरोपियों ने उनकी कार के शीशे भी तोड़ दिए।