चंडीगढ़। चंडीगढ़ स्थित पंजाब भवन में देर रात अफसरों और किसान मजदूर मोर्चा के नेताओं के बीच चली बैठक के बाद, 20 दिसंबर को प्रस्तावित रेल रोको आंदोलन स्थगित कर दिया गया है। संगठन के प्रवक्ता ने बताया कि कई मुद्दों पर सहमति बनी है और अब मोर्चा शनिवार को एक विशेष बैठक में सरकार से हुई बातचीत पर चर्चा करेगा।
बैठक में पंजाब सरकार के अफसरों ने किसानों की उन मांगों पर सहमति जताई जो राज्य सरकार से संबंधित थीं। किसानों की प्रमुख मांगों में खनौरी और शंभू बॉर्डर पर हुए नुकसान की भरपाई, पुलिस द्वारा दर्ज केसों को वापस लेना, सीड एक्ट और बिजली संशोधन बिल-2025 को लागू न करना, शहीद किसानों को मुआवजा और नौकरी देना, और भारत-अमेरिका समझौते से पीछे हटना शामिल थीं। किसान नेताओं ने बताया कि सरकार ने आश्वासन दिया कि इन मुद्दों पर सकारात्मक कदम उठाए जाएंगे, जिसके बाद आंदोलन स्थगित कर दिया गया है। ब्यूरो