पटियाला। दिल्ली के सिंघु बार्डर से लौटे भारतीय किसान यूनियन एकता (डकौंदा) के किसान नेता भोला सिंह (80) की मंगलवार को मौत हो गई। किसान नेताओं ने बताया कि सिंघु बार्डर से लौटने के बाद से उनकी तबीयत खराब थी। बुखार की भी शिकायत थी। हालांकि उनके कोरोना पॉजिटिव होने से इंकार किया है।
मंगलवार को किसान नेताओं गुरमेल सिंह दौन खुर्द, करनैल सिंह, सुरजीत सिंह, गुरविंदर सिंह की मौजूदगी में किसान नेता भोला सिंह का अंतिम संस्कार किया गया। किसान नेताओं के मुताबिक किसान नेता भोला सिंह ब्लाक पटियाला-दो के गांव दौन खुर्द के रहने वाले थे। आठ मई को दिल्ली के सिंघु बार्डर पर चल रहे किसानी आंदोलन में हिस्सा लेने गए थे। 13 मई को वापस आने के बाद वह बीमार पड़ गए। उन्हें बुखार की शिकायत थी, लेकिन उन्हें कोरोना नहीं था। किसान नेता की मौत पर विभिन्न जत्थेबंदियों ने शोक व्यक्त किया है।