भारतीय किसान यूनियन एकता (डकौंदा) के बैनर तले किसानों ने जिला वनपाल अधिकारी के दफ्तर का घेराव कर प्रदर्शन किया। मौके पर गुरदियालपुरा बीड़ की फेंसिंग कराने की मांग की गई।
किसानों ने कहा कि बीड़ के जानवर बाहर निकलकर पास पड़ते खेतों में फसलों को बर्बाद कर देते हैं। इससे किसानों को काफी नुकसान हो रहा है।
किसान लीडरों हरभजन सिंह बूटर, बलवीर सिंह, दर्शन सिंह ने कहा कि गुरदियालपुरा बीड़ के इर्दगिर्द तार लगाने के लिए वन विभाग के अधिकारियों से लिखित में मांग की गई थी। हर बार सरकार का खजाना खाली होने की बात कहकर मामले को टाला जा रहा है। बीड़ के जानवर बाहर निकलकर आसपास पड़ते खेतों में किसानों की फसलें बर्बाद कर देते हैं।
यही नहीं रात के समय खेतों की रक्षा करने वाले किसानों पर भी यह जानवर हमला कर देते हैं। इससे कई किसान जख्मी भी हो चुके हैं। बीड़ों की देखरेख करने का जिम्मा सरकार का है।
सरकार को चाहिए कि बीड़ों की फेंसिंग करे जिससे जानवर बाहर न आ सकें। मौके पर हाल ही में हुई बारिश व ओलावृष्टि से किसानों की फसलों को हुए नुकसान की गिरदावरियां कराने की मांग की गई।
किसानों में फैलते रोष को देखकर एसडीएम समाना मौके पर पहुंचे। वन विभाग के अधिकारी भी पहुंचे। उन्होंने विश्वास दिलाया कि दो करोड़ की राशि से बीड़ की तुरंत फेंसिंग कराने का काम शुरू कराया जाएगा।