मूलभूत सुविधाओं की कमी से नाराज कई कालोनियों के बाशिंदे संघर्ष की राह पर चल पड़े हैं। नगर निगम अधिकारियों की टाल मटोल की नीतियों से तंग आकर सोमवार को भादसों रोड वार्ड नंबर दो की दर्शना कालोनी, आदर्श कालोनी, प्रेम नगर और नार्थ ऐवन्यू के लोगों ने धरना दिया।
वार्ड नंबर दो वेलफेयर एसोसिएशन के कर्मचंद भारद्वाज ने कहा कि कालोनियों में गलियों व नालियों का निर्माण नहीं किया जा रहा है। बारिश के पानी का निकासी प्रबंध नहीं है।
इससे लोगों को आने-जाने में दिक्कतें होती हैं। लोगों को साफ पीने का पानी नहीं मिल रहा है, जिससे लोग गंदा पानी पीने को मजबूर हैं। पानी का प्रेशर भी काफी कम है। सीवरेज जाम की समस्या काफी रहती है।
दर्शना कालोनी की ड्रेन वाली सड़क पर मेन होल का ढक्कन टूटने के कारण किसी भी वक्त बड़ी दुर्घटना हो सकती है। डा. दर्शन पाल की प्रधानगी में हुए धरने में फैसला लिया गया कि अगर जल्द इलाका वासियों की बात न मानी गई, तो नगर निगम दफ्तर के आगे विशाल धरना दिया जाएगा और घेराव किया जाएगा।
धरने में घुम्मन सिंह खरोड़, कर्मचंद भारद्वाज, मेघ राज शर्मा, धर्म सिंह, राम सिंह, टेक सिंह, सत प्रकाश, महिंदर सिंह, गुरमेल सिंह, जसवंत सिंह, पवन कुमार ने भाग लिया।