पटियाला। पटियाला जिले में विधानसभा चुनाव-2022 की तैयारियों का जायजा लेने के लिए पंजाब के मुख्य चुनाव अधिकारी डा. एस करुणा राजू बुधवार को यहां पहुंचे। इस मौके उन्होंने जिला चुनाव अधिकारी संदीप हंस, एसएसपी हरचरन सिंह भुल्लर समेत जिले के सारे विधानसभा हलकों के रिटर्निंग अधिकारियों व सहायक अधिकारियों साथ बैठक की। इस दौरान डा. राजू ने कहा कि पंजाब में विधानसभा चुनाव-2022 कराने के लिए आयोग पूरी तरह से तैयार है। खास तौर से कोविड की संभावित तीसरी लहर के मद्देनजर चुनाव पूरी तरह से सुरक्षित ढंग से कराए जा सकें, इसके लिए तैयारियां हैं। आगे बताया कि इस बार राज्य के पांच लाख सीनियर सिटीजन वोटरों के लिए पोस्टल बैलेट पेपर इस्तेमाल किए जाएंगे। जबकि महिला वोटरों के लिए इस बार आपकी वोट आपकी ताकत व आपका मान नाम की विशेष मुहिम चलाई जा रही है। उन्होंने कहा किपटियाला सियासी तौर पर एक महत्वपूर्ण जिला है, इसलिए सारी तैयारियां इसी लिहाज से की जा रही हैं। साथ ही बताया कि संवेदनशील बूथों की पहचान के लिए हर नजरिये से समीक्षा की जा रही है। बताया कि राज्य अंदर तीन लाख असलाह लाइसेंसी हैं और 95 फीसदी असलाह धारकों से असलाह जमा कराया जाता है व छूट केवल कुछ वर्गों को ही मिलती है। उन्होंने बताया कि आगे बताया कि कोविड कारण पोलिंग बूथों की गिनती 23211 से बढ़ाकर 24659 कर दी गई है और यह गिनती और भी बढ़ सकती है। जबकि पटियाला जिले में पोलिंग स्टेशनों की गिनती 1663 से बढ़कर 1784 हो गई है।