पटियाला। घर जाने के लिए छुट्टी मांगने पर बुजुर्ग के साथ चिकन शॉप मालिक व उसके बेटे ने मारपीट की। जिससे बुजुर्ग की मौत हो गई। पुलिस ने मामले में मृतक के बेटे के बयान पर आरोपियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या के आरोप में केस दर्ज कर लिया है। लेकिन अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
वरुण निवासी भीम नगर सफावादी गेट पटियाला ने थाना जुल्कां पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसका पिता शिंदा उर्फ महिंदर (48) पिछले करीब 12 सालों से आरोपी परमजीत सिंह व उसके बेटे बावा की भंबुआ रोड देवीगढ़ स्थित चिकन शॉप पर काम करता था। हफ्ते में एक-दो बार उसके पिता घर आते थे, जबकि बाकी दिन वहीं सो जाते थे। 17 मई को उसके पिता ने घर जाने की इजाजत मांगी और साथ ही दुकानदार से घर जाने के लिए पैसे भी मांगे। लेकिन चिकन शॉप मालिक ने छुट्टी देने से इनकार कर दिया और जाने से रोका। न मानने पर दोनों आरोपी बाप बेटे ने शिंदा के साथ काफी मारपीट की। बाद में घर पहुंच कर शिंदा ने सारी बात अपने बेटे को बताई। खाना बगैरा खाकर शिंदा सो गया, लेकिन अगले दिन सुबह वह नहीं उठा। उसकी मौत हो चुकी थी। बेटे ने आरोप लगाया कि उसके पिता की मौत दुकान मालिक व उसके बेटे द्वारा की मारपीट के कारण हुई है। पुलिस ने इस बयान के आधार पर आरोपियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या के आरोप में केस दर्ज कर लिया है। लेकिन अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।