पटियाला में नकली शराब बनाने के आरोप में धरे व्यक्तियों के साथ पुलिस अधिकारी।
- फोटो : PATIALA
आबकारी एवं कर विभाग, आबकारी पुलिस व पटियाला पुलिस ने एक सांझा आपरेशन करते हुए नकली शराब बनाने के कारोबार का पर्दाफाश किया है। इस सांझी कार्रवाई दौरान भोगला रोड राजपुरा में एक बंद पड़े शैलर में से 370 पेटी शराब बरामद हुई हैं। यह शराब अलग-अलग ब्रांड की है, जबकि इस शराब के अलावा यहां से विभिन्न ब्रांड के लेबल, खाली बोतलें भी मिली हैं। पुलिस ने मामले में आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। चार आरोपी फरार है।
एआईजी एक्साइज पंजाब गुरचैन सिंह धनोआ ने बताया कि बनूड़ नजदीक पटियाला ढाबा व झिलमिल ढाबे पर की छापामारी दौरान नकली शराब बनाने के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला 78 ड्रंम ईएनए (एक्सट्रा न्यूटरल अल्कोहल) 14200 लीटर और कुछ अन्य रसायनिक पदार्थ, लेबल होलोग्राम और खाली बोतलें मिली हैं। उन्होंने बताया कि यह अब तक की पंजाब की सबसे बड़ी बरामदगी है। बताया कि इन दोनों मामलों में आठ गिरफ्तारियां हुई हैं, जबकि चार आरोपी भागने में सफल रहे हैं।
एआईजी ने बताया कि टीमों ने भोगला रोड पर बंद पड़े शैलर पर छापामारी करके 370 पेटी शराब बरामद की। इस बरामदगी में थाना गंडा खेड़ी में जतिंदर चलाना निवासी गुड़ग़ांव, राम प्रसाद, सौरव समेत आलोक गुप्ता उर्फ निशू गुप्ता नामजद किए गए हैं। बताया कि जतिंदर, राम प्रसाद व सौरव को गिरफ्तार कर लिया गया है।
उन्होंने बताया बताया कि बनूड़ नजदीक ढाबों से हुई बरामदगी मामले में आरोपियों से ईएनए के ड्रमों से लदी महिंदरा पिकअपऔर एक इंडिका विस्टा गाड़ी भी बरामद हुई है। इस मामलों में 9 आरोपियों के खिलाफ थाना बनूड़ में विभिन्न धाराओं तहत केस दर्ज किया गया है। इनमें से पटियाला ढाबे का मालिक जगतार सिंह, खानपुरा का निवासी प्रदीप सिंह, शेखनमाजरा निवासी जगदीप सिंह दीपा, झिलमिल ढाबे का मालिक जंगपुरा निवासी संगत सिंह व बुढनपुर निवासी कुलदीप सिंह को गिरफ्तार किया गया है। रामनगर निवासी दविंदर उर्फ भलवान, जंगपुरा निवासी परमजीत सिंह गग्गी, बुढनपजुर निलासी जगदीप सिंह उर्फ सरपंच फरार हैं। इनकी तलाश की जा रही है।