सुनाम में धर्मशाला परिसर से साइकिल बरामद करते फ्लाइंग स्कवायड की टीम के सदस्य।
- फोटो : अमर उजाला
चुनाव आयोग की फ्लाइंग स्कवायड टीम ने एक शिकायत के आधार पर अग्रवाल धर्मशाला में छापामारी करके कोहेनूर कंपनी के एक सौ आठ साइकिल जब्त किए हैं। दविंदर सिंह तथा एएसआई हरविंदर सिंह के नेतृत्व में टीम ने धर्मशाला परिसर के कमरे के भीतर रखे उक्त साइकिल बरामद किए हैं।
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि चुनाव में राजनीतिक लाभ लेने की मंशा से ये साइकिल, सत्ताधारी पक्ष द्वारा मजदूरों को बांटने की तैयारी थी। कायदे के मुताबिक साइकिल जून व जुलाई में बंटने चाहिए थे। मौके पर ही मामले की शिकायत करने वाले किरती जत्थेबंदी के प्रतिनिधि अवतार सिंह तारी, सुखपाल सिंह, मनजीत सिंह, गुरचरण सिंह पहुंच गए।
उन्होंने कहा कि जानकारी मिलते ही उन्होंने इसकी शिकायत एसडीएम राजदीप सिंह बराड़ से की। एसडीएम ने फ्लाइंग स्कवायड की टीम भेजी और मौके से धर्मशाला के कमरे में रखे साइकिल जब्त कर लिए हैं। एसडीएम बराड़ ने बताया कि मामले में जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। दूसरी तरफ एसएचओ राहुल कौशिक ने कहा कि इलेक्शन फ्लाइंग स्कवायड की रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई होगी।